
चाकुलिया: स्वस्थ हुए प्रभु जगन्नाथ, नेत्रोत्सव के बाद भक्तों को देंगे दर्शन, कल निकलेगी रथ यात्रा
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया प्रखंड के चालूनिया पंचायत स्थित तुलसीबनी शिवराम आश्रम में गुरुवार को प्रभु जगन्नाथ, बलभद्र व देवी सुभद्रा का नेत्रोत्सव पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया. यह उत्सव भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा से पूर्व यह एक बड़ा अनुष्ठान है. पौराणिक परंपराओं के अनुसार लगातार 14 दिनों तक बीमार रहने के बाद 15 वें दिन भगवान जगन्नाथ की जब तबीयत ठीक होती है, तो भगवान जगन्नाथ भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा को नया नेत्र प्रदान किए जाने की परंपरा है. इसके बाद चंदन एवं सिंदूर से भगवान जगन्नाथ का श्रृंगार किया जाता है. नेत्रदान के बाद भगवान जगन्नाथ अपने भक्तों को दर्शन देते हैं. धार्मिक मान्यता है कि नेत्र उत्सव में प्रभु के अलौकिक रुप के दर्शन मात्र से पुण्य मिलता है. इस मौके पर पुजारी आनंद ब्रह्मचारी, सुशेन दास, परेश प्रभु, श्याम चरण मुंडा, नगेन दियासी, सवार ग्वाला, चंचल देवी, मालती देवी, लीला देवी, अलका देवी, बेला देवी आदि उपस्थित थे.


