
चाकुलिया: विधायक समीर मोहंती ने विधानसभा में उठाया कनीय अभियंताओं के सेवा विस्तार और नियमितीकरण की मांग
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक समीर मोहंती ने राज्य के पंचायती राज विभाग के अंतर्गत 15वें वित्त आयोग में लंबे समय से कार्यरत कनीय अभियंताओं की समस्या को विधानसभा में उठाया. इस दौरान विधायक ने सदन के माध्यम से सरकार का ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि इन कनीय अभियंताओं की सेवा अवधि 31 मार्च 2026 तक निर्धारित है. यदि समय रहते इस पर निर्णय नहीं लिया गया तो उनके सामने बेरोजगारी और भुखमरी जैसी गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है. उन्होंने सरकार से मांग की कि लंबे समय से कार्यरत इन कनीय अभियंताओं को सेवा विस्तार दिया जाए तथा उनका समायोजन करते हुए नियमितीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उनके भविष्य को सुरक्षित किया जा सके. विधायक ने कहा कि राज्य के विकास कार्यों में इन अभियंताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, इसलिए उनके हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार को इस दिशा में जल्द सकारात्मक पहल करनी चाहिए.


