Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: स्वामी विवेकानंद आईटीआई कॉलेज के विद्यार्थियों को दिया गया हाइड्रोलिक मशीनों का प्रशिक्षण

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र स्थित स्वामी विवेकानंद आईटीआई परिसर में विद्यार्थियों के बेहतर करियर के उद्देश्य से हाइड्रोलिक मशीनों पर एक विशेष काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. संस्थान के प्राचार्य तरुण कुमार महंती के आमंत्रण पर जमशेदपुर स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ हाइड्रोलिक आदित्यपुर के आनंद मिश्रा ने विद्यार्थियों को हाइड्रोलिक तकनीक और मशीनों की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी.

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हाइड्रोलिक मशीनों की कार्यप्रणाली, उनकी विशेषताओं तथा औद्योगिक क्षेत्र में उनके बढ़ते उपयोग से अवगत कराया गया. आनंद मिश्रा ने कहा कि 21वीं सदी तकनीकी विकास और औद्योगीकरण की सदी है. आने वाले समय में हाइड्रोलिक मशीनें उद्योगों और विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी. ऐसे में विद्यार्थियों के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ हाइड्रोलिक मशीनों की जानकारी हासिल करना भी जरूरी है.

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण और व्यावहारिक ज्ञान के आधार पर विद्यार्थी हाइड्रोलिक मशीनों के क्षेत्र में बेहतर करियर बना सकते हैं. देश की बड़ी-बड़ी कंपनियों में इस क्षेत्र से जुड़े कुशल तकनीकी कर्मियों की मांग है. विद्यार्थियों को चाहिए कि वे अपनी तकनीकी दक्षता बढ़ाएं और रोजगार के बेहतर अवसरों का लाभ उठाएं.

संस्थान के प्राचार्य तरुण कुमार महंती ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा देने के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए तैयार करना है. इसके लिए संस्थान लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि यहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का बेहतर करियर सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न बड़ी कंपनियों में प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है.

इस मौके पर संस्थान के प्रशिक्षक पिजुस पात्र, संजीत राउत, मनोज बेरा, राजन पाल, बसंत महतो, राजू महतो, राम मुर्मू, नृपेंद्र महतो, शुक्ला महंती सहित अन्य उपस्थित थे.

You missed