
चाकुलिया: सोनाहारा गांव में नल-जल योजना अधूरी, उपाध्यक्ष राज कुमार मिश्रा ने जल्द सुधार की उठाई मांग
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के सोनाहारा गांव में शुक्रवार को नगर पंचायत के उपाध्यक्ष राज कुमार मिश्रा ने कार्यपालक पदाधिकारी मोटाय बानरा, सिटी मैनेजर अनंत खालको एवं जेई रोहित लकड़ा को गांव की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया. इस दौरान अधिकारियों के साथ गांव का निरीक्षण किया गया.

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सोनाहारा गांव के कई परिवार हर घर नल जल योजना के लाभ से वंचित हैं. वहीं, कुछ स्थानों पर पाइपलाइन बिछाई गई है, लेकिन आज तक पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई है. जबकि कई जगहों पर अब तक पाइपलाइन भी नहीं बिछाई गई है. इस पर उपाध्यक्ष ने अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जल्द पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की.

इसके अलावा गांव में स्थित जर्जर सामुदायिक भवन की मरम्मत कराने तथा जल निकासी की समस्या से निजात दिलाने के लिए नाली निर्माण कराने का भी आग्रह किया.

इस पर कार्यपालक पदाधिकारी मोटाय बानरा ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया.
