
डालसा ने ग्रामीणों के साथ मनाया विश्व एड्स दिवस

संवाददाता : अभिजीत सेन
जमशेदपुर/पोटका : विश्व एड्स दिवस के मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) के निर्देश पर हल्दीपोखर पंचायत के नवद्वीप टोला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डालसा के पीएलवी द्वारा किया गया, जिसमें ग्रामीणों को एड्स और एचआईवी संक्रमण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
पीएलवी ने बताया कि एचआईवी एक ऐसा वायरस है जो मानव शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर करता है, जबकि एड्स इस संक्रमण का उन्नत चरण है। उन्होंने साफ किया कि यह संक्रमण हाथ मिलाने, साथ बैठने, साथ खाने या खांसने–छींकने से नहीं फैलता, इसलिए भ्रम और गलत धारणाओं से दूर रहने की जरूरत है।
ग्रामीणों को बताया गया कि एचआईवी/एड्स का इलाज पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है। इसके अलावा संक्रमित व्यक्तियों को कानूनी सहायता और परामर्श सेवाएं भी मुफ्त दी जाती हैं। सरकार इनके समर्थन में हर माह एक हजार रुपए पेंशन भी प्रदान करती है।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति को उनकी बीमारी के कारण असम्मान या प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है, तो यह कानूनन अपराध है।
जागरूकता ही बचाव है—इस संदेश के साथ ग्रामीणों को सुरक्षित व्यवहार अपनाने, सूई-ब्लेड दोबारा इस्तेमाल न करने, मान्यता प्राप्त ब्लड बैंक से ही रक्त लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी गई।
एड्स से लड़ने का सबसे बड़ा हथियार—जागरूकता, सम्मान और कानून का सही ज्ञान बताया गया।
कार्यक्रम में पंचायत सचिव जगतपति मंडल, पीएलवी चयन कुमार मंडल, ललिता पुरान, मीरा मंडल, ज्योत्सना गोप, सबिता सोरेन, बसंती सरदार, गौतम सरदार, राजेश माहली, मकरो कर्मकार, आंगनबाड़ी सहायिका छबि सीट, स्वास्थ सहिया दीपिका गोप, बसंती टुडू, जल सहिया पार्वती मंडल, सुमित कुमार गोप सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।
Related posts:

