
राँची नगर निगम में अनुसूचित जाति समाज के लिए कम से कम 8 वार्ड सीटें आरक्षित करने की मांग

Arjun Kumar Pramanik ……✍️
राँची । अनुसूचित जाति समन्वय समिति (घासी समाज) के प्रदेश अध्यक्ष टाइगर संदीप नायक एवं प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष मुकेश नायक ने झारखंड सरकार, राज्य निर्वाचन आयोग तथा उपायुक्त राँची को पत्र लिखकर आगामी निकाय चुनाव में राँची नगर निगम के वार्ड पार्षद पद हेतु अनुसूचित जाति समाज के लिए कम से कम 8 (आठ) सीटें आरक्षित करने की मांग की है।
प्रदेश अध्यक्ष टाइगर संदीप नायक ने कहा कि राँची नगर निगम क्षेत्र की कुल जनसंख्या लगभग 8 से 10 लाख है, जिसमें लगभग 10 प्रतिशत आबादी अनुसूचित जाति वर्ग की है। ऐसे में वर्तमान में मात्र दो सीटों का आरक्षण अत्यंत अपर्याप्त है। उन्होंने मांग की कि जनसंख्या अनुपात के अनुसार आरक्षण बढ़ाकर कम से कम 8 सीटें की जाएँ, ताकि अनुसूचित जाति समाज के अधिकार और प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखा जा सके।
<span;>वहीं प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि राँची मेयर सीट को रोटेशन का हवाला देकर अनुसूचित जाति समाज के अधिकारों का हनन नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों की अनदेखी की गई, तो अनुसूचित जाति समाज को राँची बंद जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। समिति ने संबंधित प्राधिकारों से मांग की है कि सामाजिक न्याय और संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप शीघ्र निर्णय लिया जाए।

