
अवैध बालू परिवहन पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, चांडिल थाना क्षेत्र में एक हाइवा जब्त

![]()

चांडिल : जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर 15 अक्टूबर 2025 को जिला खनन विभाग की टीम ने चांडिल थाना पुलिस के सहयोग से टाटा–रांची मुख्य मार्ग पर औचक जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान बालू लदा एक हाइवा वाहन (संख्या JH01BT–8654) को अवैध रूप से बालू का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वाहन को मौके पर ही जप्त कर चांडिल थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। इस संबंध में वाहन मालिक और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने खनन विभाग और पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया है कि संयुक्त टीम बनाकर नियमित औचक जांच अभियान चलाएं और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
वहीं, जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य न केवल अवैध खनन पर रोक लगाना है, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को भी सुनिश्चित करना है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध खनन या परिवहन की जानकारी मिले, तो तत्काल जिला प्रशासन या निकटतम थाना को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Vananchal24tvlive के लिए चांडिल से कल्याण पात्रो का रिपोर्ट

