
जमशेदपुर सदर अस्पताल को मिली पांच आईसीयू युक्त अत्याधुनिक एंबुलेंस, शिक्षा मंत्री ने किया उद्घाटन

जमशेदपुर । स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जमशेदपुर के सदर अस्पताल को आज पांच नई आईसीयू युक्त अत्याधुनिक एंबुलेंस प्राप्त हुईं। इन एंबुलेंसों का उद्घाटन झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने हरी झंडी दिखाकर किया।
इन एंबुलेंसों को आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित किया गया है, जिनमें वेंटिलेटर, मॉनिटर, ऑक्सीजन सपोर्ट और जीवन रक्षक दवाओं की पूरी व्यवस्था है। इसके साथ ही कुशल एवं प्रशिक्षित ड्राइवरों की भी तैनाती की गई है, ताकि आपातकालीन स्थिति में गंभीर मरीजों को सुरक्षित रूप से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाया जा सके।
इस पहल से खासकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी, जो अब महंगे निजी एंबुलेंस सेवाओं पर निर्भर नहीं रहेंगे। यह सुविधा पूरे जिले के नागरिकों के लिए एक बड़ी सौगात मानी जा रही है।
इस मौके पर उपायुक्त अन्य मित्तल, पूर्वी जमशेदपुर की विधायक पूर्णिमा दास साहू, पश्चिमी विधायक सरयू राय, पोटका विधायक संजीव सरदार, जिला परिषद अध्यक्ष बड़ी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज सिंहा और सिविल सर्जन डॉ. साहिर पोल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

