Advertisements
Spread the love

चांडिल में विद्युत विभाग को मिला अपना स्थायी भवन, अवर प्रमंडल भवन का हुआ उद्घाटन, जनता को मिलेगी बेहतर व सुचारू बिजली सेवा

Advertisements

चाण्ड़िल -संवाददाता

 

चांडिल। चांडिल डैम रोड स्थित नवनिर्मित विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल भवन का उद्घाटन शनिवार को ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने विधिवत फीता काटकर किया। इस अवसर पर आयोजित उद्घाटन समारोह में विद्युत विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
उद्घाटन के दौरान विधायक सविता महतो ने कहा कि चांडिल क्षेत्र की जनता की यह एक लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जिसे अब पूरा किया गया है। उन्होंने बताया कि इस नए भवन के प्रारंभ होने से विद्युत विभाग से जुड़े सभी कार्य एक ही छत के नीचे सुचारू रूप से संचालित किए जा सकेंगे। इससे आम उपभोक्ताओं को बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान में काफी सहूलियत मिलेगी। विधायक ने उम्मीद जताई कि नए भवन के संचालन से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और अधिक मजबूत, पारदर्शी एवं प्रभावी होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना है, ताकि जनता को बेहतर और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल भवन का उद्घाटन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मौके पर विद्युत विभाग के जीएम अजीत कुमार, कार्यपालक अभियंता लाल जी महतो, चांडिल के सहायक विद्युत अभियंता कालीनाथ सिंह मुंडा, कनीय अभियंता बलराम हांसदा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं, राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से झामुमो के केंद्रीय सदस्य गुरुचरण किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, काबलु महतो, शंकर लायेक, राहुल वर्मा, मेहताब आलम समेत अनेक गणमान्य लोग समारोह में शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व विद्युत विभाग का कार्यालय किराए के भवन में संचालित हो रहा था। अब विभाग को अपना स्थायी भवन मिलने से कार्यप्रणाली और अधिक व्यवस्थित व प्रभावी होने की उम्मीद है।

You missed