
क्रॉस लिमिटेड के रक्तदान शिविर में उमड़ा उत्साह, 180 यूनिट रक्त संग्रह
रिर्पोटर – जगबंधु महतो
लक्ष्य से आगे बढ़कर कर्मचारियों ने रचा सेवा का मिसाल, रक्तदाताओं को मिला सम्मान
आदित्यपुर : ऑटो क्लस्टर स्थित क्रॉस लिमिटेड परिसर रविवार को सामाजिक सरोकार और मानवीय सेवा की भावना से सराबोर रहा। कंपनी की ओर से आयोजित तीसरे वार्षिक रक्तदान शिविर में कर्मचारियों के साथ बाहरी रक्तदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में निर्धारित लक्ष्य 175 यूनिट के मुकाबले कुल 180 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर सुधीर राय ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने स्वयं रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। किसी जरूरतमंद मरीज के लिए समय पर उपलब्ध कराया गया रक्त उसके जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ लोगों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
शिविर को लेकर कंपनी प्रबंधन ने रक्तदाताओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की थीं। रक्तदान करने वाले कर्मचारियों को सवैतनिक अवकाश, आकर्षक उपहार और बुफे लंच की सुविधा दी गई। इन सुविधाओं के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना ने कर्मचारियों में खासा उत्साह पैदा किया। बड़ी संख्या में कर्मचारियों और बाहरी रक्तदाताओं के पहुंचने से शिविर पूरे दिन सक्रिय रहा।
कंपनी प्रबंधन ने शिविर की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रबंधन की ओर से कहा गया कि रक्त की जरूरत किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है और ऐसे में रक्तदान करने वाले लोग समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
कार्यक्रम में जीएम-एचआर रमाकांत गिरी, सीओओ सतीश बंसोडे, राजेश प्रधान, रिभु रॉय, अरविंद सिंह, सुनील सिंह, सुनेत्रो भौमिक, तिजेश साहू, राजकुमार महतो, शुभम खामराई, पूजा महतो और अंशु सिंह समेत कंपनी की पूरी प्रबंधन टीम मौजूद रही। वहीं वीबीडीए की ओर से सचिव कमल कुमार घोष और सुनील कुमार मुखर्जी ने शिविर में सक्रिय सहयोग दिया।
