
टाटा-रांची नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, तीन गंभीर रूप से घायल

चांडिल : चांडिल थाना क्षेत्र के टाटा-रांची नेशनल हाईवे पर स्थित काली मंदिर के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चांडिल से जमशेदपुर की ओर जा रही एक कार और एक टेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार पाँच लोगों में से तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो अन्य को हल्की चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी मुरलीधर हजरा और चांडिल थाना प्रभारी दिलशन बिरुवा अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए जमशेदपुर भेजा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग नीमडीह प्रखंड के लुपुंगडीह गांव के निवासी हैं और किसी कार्य से जमशेदपुर जा रहे थे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

