घाटशिला : भाजपा मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपाइयों ने उत्कृष्ट चिकित्सा के मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
दीपक नाग… ✍️

15 जुलाई : भारतीय जनता पार्टी घाटशिला मंडल के अध्यक्ष विजय पांडेय के नेतृत्व में बुधवार को पार्टी नेताओं ने घाटशिला अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से मुलाकात कर अस्पताल एवं ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग को लेकर दस सूत्री मांगपत्र सौंपा।
भाजपाइयों ने कहा कि अनुमंडल क्षेत्र की बड़ी आबादी सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर ही निर्भर है, लेकिन अनुमंडलीय अस्पताल सहित ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों, आवश्यक जांच सुविधाओं एवं स्वास्थ्य संसाधनों की कमी के कारण आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में संक्रामक एवं जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है, इसलिए स्वास्थ्य विभाग को समय रहते आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करनी चाहिए। सौंपे गए मांगपत्र में घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में ईएनटी (नाक, कान एवं गला), हड्डी रोग विशेषज्ञ सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की शीघ्र नियुक्ति, अल्ट्रासाउंड सहित सभी आवश्यक जांच सुविधाओं की नियमित उपलब्धता, पोस्टमार्टम के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक की व्यवस्था तथा घाटशिला उपकारा (जेल) में प्रतिनियुक्त एमडी चिकित्सक की नियमित सेवा अनुमंडलीय अस्पताल में भी उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इसके अलावा अस्पताल में जीवनरक्षक एवं आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता, डॉक्टर्स, नर्सिंग स्टाफ, लैब टेक्नीशियन एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के रिक्त पदों को शीघ्र भरने, काढ़ा डुबा सहित विभिन्न ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों में स्थायी चिकित्सकों की नियुक्ति करने, बरसात के मौसम को देखते हुए मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, वायरल बुखार एवं जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने, कीटनाशक छिड़काव, फॉगिंग, जांच किट तथा समय-समय पर जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाने की मांग की गई।
अस्पताल की आपातकालीन एवं ट्रॉमा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं में सुधार की भी पार्टी नेताओं ने मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई होने से घाटशिला अनुमंडल की जनता को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी, एसटी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष लखन मार्डी, घाटशिला के मंडल अध्यक्ष विजय पांडेय, मंडल के प्रभारी विश्वनाथ बेहरा, गालूडीह मंडल अध्यक्ष अमरदीप शर्मा, हेमंत नारायण देव, गौर चंद्र पात्र, कृष्णा शर्म, रवीना वाल्मीकि, विक्रम शाह, गोविंदा बेहरा, कृष्णा शर्मा आदि प्रतिनिधि मंडल में शामिल थें।
