
मानवता हुई शर्मसार: गम्हरिया CHC में खुले आसमान के नीचे बेसुध पड़ी बुजुर्ग महिला

गम्हरिया संवाददाता जगबंधु महतो का रिपोर्ट
गम्हरिया । सरायकेला जिले के कमरिया प्रखंड स्थित गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में शुक्रवार दोपहर से एक अज्ञात महिला बेसुध पड़ी रही, लेकिन किसी ने उसकी सुध नहीं ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला को गम्हरिया थाना पुलिस द्वारा ऑटो से अस्पताल लाया गया था। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सा पदाधिकारी और चिकित्सकों ने महिला का परीक्षण करने के बाद कहा कि उसने अत्यधिक शराब पी रखी है और उसे अस्पताल परिसर के बाहर ही लिटा दिया। इसके बाद महिला शुक्रवार दोपहर से लेकर शनिवार सुबह तक उसी अवस्था में पड़ी रही। सबसे चिंताजनक बात यह रही कि शनिवार सुबह 11 बजे तक चिकित्सा पदाधिकारी अस्पताल नहीं पहुंची, और इस दौरान महिला की स्थिति जस की तस बनी रही। जब यह मामला सिविल सर्जन तक पहुंचा, तो उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, लेकिन इसके बावजूद महिला की देखभाल नहीं की गई। स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सा पदाधिकारी पर गंभीर लापरवाही और अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाया।गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व इसी अस्पताल में एक विकलांग बुजुर्ग की व्हीलचेयर में बैठे-बैठे मौत हो गई थी, जिसे भी दबाने की कोशिश की गई थी। लगातार ऐसी घटनाओं ने अस्पताल की कार्यशैली और प्रशासनिक जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं । इस घटना ने न केवल स्थानीय लोगों को आक्रोशित किया है, बल्कि स्वास्थ्य संस्थाओं की मानवता और पेशेवर जिम्मेदारी पर भी चिंता बढ़ा दी है।
Related posts:

