Advertisements
Spread the love

एसबीयू में अंतरराष्ट्रीय व्याख्यान का आयोजन

Advertisements

Arjun Kumar Pramanik…….✍️

नामकुम (रांची)। सरला बिरला विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय के सहयोग से संस्थान नवाचार परिषद (IIC) द्वारा “डिलीवरी साइकिल की व्यापकता, एआई/एमएल कैस्केड एवं आईटी क्षेत्र में नवाचार” विषय पर अंतरराष्ट्रीय व्याख्यान का आयोजन किया गया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि आईआईटी दिल्ली के पूर्व छात्र एवं न्यूयॉर्क स्थित एमफैसिस कंपनी के आईटी लीडर आदित्य झा ने विद्यार्थियों को समस्या समाधान क्षमता, अनुकूलनशीलता तथा सतत सीखने की प्रवृत्ति विकसित करने की प्रेरणा दी। उन्होंने आधुनिक आईटी डिलीवरी साइकिल, विभिन्न उद्योगों में एआई/एमएल के प्रभाव तथा वैश्विक आईटी क्षेत्र में उभरते नवाचार रुझानों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के आरंभ में आईआईसी के अध्यक्ष एवं वाणिज्य संकाय के अधिष्ठाता प्रो. संदीप कुमार ने कहा कि एआई/एमएल नवाचारों और आईटी डिलीवरी तंत्र की समझ तकनीकी छात्रों के साथ-साथ वाणिज्य एवं प्रबंधन के विद्यार्थियों के लिए भी अत्यंत उपयोगी है।
विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक ने डिजिटल अर्थव्यवस्था के युग में विद्यार्थियों के लिए उद्योग अनुभव की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि आईआईसी जैसे मंच अकादमिक शिक्षा और व्यावहारिक अनुप्रयोगों के बीच की दूरी को पाटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने मुख्य वक्ता आदित्य झा से संयुक्त शोध कार्य, विद्यार्थियों के नवाचार विचारों को उत्पाद अथवा सेवा के रूप में विकसित करने तथा अमेरिकी वेंचर कैपिटल सहयोग से आगे बढ़ाने पर विचार साझा किया। उन्होंने ब्लॉकचेन जैसे उभरते क्षेत्रों में संभावनाओं की भी चर्चा की। कार्यक्रम में डॉ. अतुल कर्ण (डीन, प्रबंधन संकाय), डॉ. बी. सामंता (डीएसडब्ल्यू), डॉ. कुणाल सिन्हा (वाणिज्य संकायाध्यक्ष), अनिमेष सरकार (संयोजक, आईआईसी), डॉ. अंजलि श्रीवास्तव (नवाचार समन्वयक, आईआईसी), डॉ. मुकेश सिंह (इंटर्नशिप समन्वयक, आईआईसी) सहित विभिन्न संकायों के शिक्षक एवं आईआईसी, कंप्यूटर साइंस, प्रबंधन व वाणिज्य संकाय के विद्यार्थी उपस्थित रहे । कार्यक्रम का संचालन डॉ. नेहा कुमारी, सह-संयोजक, आईआईसी ने किया। समापन अवसर पर आईआईसी के उपाध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने अंतरराष्ट्रीय व्याख्यान के आयोजन की सराहना करते हुए शुभकामना संदेश प्रेषित किया।

You missed