
जी० पी० मिडिल एवं हाई स्कूल हेसल में धूमधाम से मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

राँची/अनगड़ा । प्रखंड क्षेत्र स्थित जी० पी० मिडिल एवं हाई स्कूल हेसल में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में योगगुरु संजय कुमार महतो ने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन कराए और योग की महत्ता पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य में सुधार होता है। विद्यालय के प्राचार्य ब्रजेश कुमार महतो ने कहा कि, “योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि यह हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति और जीवनशैली का अभिन्न अंग है। योग से शरीर, मन और आत्मा तीनों में संतुलन और शांति मिलती है।” इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के संस्थापक डा० अमर कुमार चौधरी ने सभी छात्र-छात्राओं को स्वस्थ, शांत और निरोग जीवन की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा शिक्षकेत्तर कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।

