
झारखंड में पहली बार सीज बालू की ऑनलाइन नीलामी, सरायकेला–खरसावां को ₹2.30 करोड़ का राजस्व

गम्हरिया संवाददाता – जगबंधु महतो
सरायकेला–खरसावां जिले में 21 जनवरी को पारदर्शिता और तकनीक आधारित शासन की दिशा में ऐतिहासिक पहल करते हुए झारखंड में पहली बार सीज (जप्त) बालू की ऑनलाइन नीलामी सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई। जिला प्रशासन द्वारा विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत करीब 12 लाख घन फीट सीज बालू की ऑनलाइन नीलामी की गई।
नीलामी के लिए आधार मूल्य ₹1.72 करोड़ निर्धारित किया गया था, जबकि प्रतिस्पर्धात्मक ऑनलाइन बोली के बाद अंतिम नीलामी मूल्य ₹2.30 करोड़ प्राप्त हुआ। इस प्रकार राज्य को अपेक्षा से कहीं अधिक राजस्व की प्राप्ति हुई है।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि सीज खनिजों के निपटान के लिए ऑनलाइन नीलामी अपनाना सुशासन की दिशा में प्रभावी कदम है। इससे अवैध खनन पर नियंत्रण के साथ-साथ राज्य के लिए वैध और अतिरिक्त राजस्व सुनिश्चित होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी जब्त खनिजों के निपटान हेतु इसी तरह की पारदर्शी और प्रतिस्पर्धात्मक ऑनलाइन प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जाएगी।

