
अवैध शराब के विरुद्ध प्रशासन का कड़ा प्रहार, चांडिल क्षेत्र में चला विशेष छापेमारी अभियान

चाण्ड़िल:-संवाददाता
चांडिल, सरायकेला–खरसावां।
जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री पर पूर्णतः अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में उपायुक्त सरायकेला–खरसावां नितीश कुमार सिंह के स्पष्ट एवं कड़े निर्देशों के आलोक में अधीक्षक उत्पाद क्षितिज मिंज के नेतृत्व में चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में विशेष प्रवर्तन सह छापेमारी अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत भाडूडीह, हंमसादा, जाड़ियाडीह एवं खोखरोडीह गांवों में संचालित कुल चार अवैध महुआ शराब भट्टियों (अड्डों) पर औचक छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान मौके से लगभग 1100 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत वहीं नष्ट कर दिया गया। इसके अतिरिक्त भट्टियों से 50 लीटर तैयार चुलाई शराब भी जब्त की गई। इस मामले में संबंधित अवैध शराब अड्डा संचालकों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिला प्रशासन अवैध शराब के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति पर कार्य कर रहा है। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं संचालन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखते हुए नियमित तथा औचक छापेमारी अभियान जारी रखें, ताकि जिले में अवैध शराब के पूरे नेटवर्क को जड़ से समाप्त किया जा सके।

