
कोवाली थाना अंतर्गत ढेंगाम हाट से चार माह के दुधमॅुहे बच्चे का अपहरण मामले में जे,एस,एल,पी,एस के झुमा रानी मंडल गिरफ्तार

संवाददाता : अभिजीत सेन
जमशेदपुर/ पोटका । पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना अंतर्गत सुदूरवर्ती गांव ढेंगाम हाट से रविवार दोपहर 3:00 बजे चार माह के दूधमुॅहे बच्चे का अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस की त्वरित और सटीक कार्रवाई से महज 14 घंटे के भीतर अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। इस मामले में पुलिस ने छापेमारी करके जे,एस,एल,पी,एस के झूमा रानी मंडल को गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार, डूमरिया प्रखंड के रांगामाटिया केंदुआ गांव निवासी सोपान सरदार की पत्नी प्रतिमा सरदार रविवार को अपनी बेटी और चार माह के बेटे के साथ सामान खरीदारी के लिए ढेंगाम हाट पहुंची थीं। बाजार में खरीदारी के दौरान प्रतिमा सरदार कुछ सामान देखने के लिए आगे बढ़ीं और अपने बेटे को बेटी की गोद में छोड़ दिया। इसी दौरान एक महिला वहां पहुंची और बच्ची से बातचीत करने लगी।
बताया जाता है कि महिला ने बच्ची को 20 रुपये देकर खाने-पीने का सामान लाने के लिए पास की दुकान पर भेज दिया और कहा कि तब तक वह बच्चे को संभाल लेगी। बच्ची के जाते ही वह महिला चार माह के मासूम को लेकर मौके से फरार हो गई। जब बच्ची कुछ देर बाद लौटी तो न तो उसका भाई वहां था और न ही वह महिला।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रतिमा सरदार मौके पर पहुंचीं और हाट परिसर सहित आसपास के इलाकों में अपने बेटे की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस को सूचना मिलते ही , ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग के निर्देश पर मुसाबनी पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में टीम बनाकर कर तत्काल जांच शुरू की गई। जांच के दौरान
पुलिस ने हाट में मौजूद लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों व मोबाइल ट्रेसिंग के माध्यम से जांच को आगे बढ़ाया। जांच के क्रम में पुलिस ने झूमा रानी मंडल को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उनके पास से अपहृत चार माह के बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और बच्चे को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया है। बच्चा पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ बताया जा रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है। छापामारी दल में, मुसाबनी डीएसपी संदीप भगत, इंस्पेक्टर सुरेश प्रसाद, कोवाली थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान, पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो, जादूगोड़ा थाना प्रभारी राजेश मंडल, पु0 अ0 नि0 मोविन अंसारी, सीदो मुर्मू, पुलिस के जवान उपस्थित रहे।
वाईट—ऋषभ गर्ग– ग्रामीण एसपी।

