Spread the love

आदित्यपुर मेयर पद के लिए झामुमो प्रत्याशी शकुंतला महाली ने दाखिल किया नामांकन, बोलीं-सड़क, नल-जल और शिक्षा होंगी प्राथमिकता

Advertisements
Advertisements

 

गाम्हरिया संवाददाता- जगबंधु महतो

 

आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम मेयर पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की प्रत्याशी शकुंतला महाली ने मंगलवार को निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी से माहौल पूरी तरह चुनावी नजर आया।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में शकुंतला महाली ने कहा कि पार्टी संगठन ने उन पर भरोसा जताकर उन्हें मेयर पद का प्रत्याशी बनाया है, जिसके लिए वे झामुमो नेतृत्व की आभारी हैं। उन्होंने कहा कि वे बीते 10 वर्षों तक जिला परिषद की अध्यक्ष के पद पर रह चुकी हैं और इस दौरान प्रशासनिक कार्यों का उन्हें व्यापक अनुभव मिला है।
शकुंतला महाली ने बताया कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के तहत फंड लाकर कई जनहित के कार्य कराए हैं। उन्होंने कहा कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में सड़क, नल-जल, शिक्षा और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। चुनाव जीतने के बाद इन सभी मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य नगर निगम क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनसेवा ही उनकी राजनीति का मूल उद्देश्य है।
गौरतलब है कि शकुंतला महाली झामुमो के सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं पार्टी के केंद्रीय सदस्य गणेश महाली की पत्नी हैं और झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से आदित्यपुर नगर निगम मेयर पद के लिए चुनाव मैदान में हैं।

You missed