
गम्हरिया में विधिक जागरूकता अभियान तेज: चलंत लोक अदालत वाहन को हरी झंडी

संवाददाता : जगबन्धु महतो
गम्हरिया। सरायकेला-खरसावां जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को गम्हरिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर से चलंत लोक अदालत वाहन को अंचल निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले प्रखंड कार्यालय में विधिक जागरूकता सभा आयोजित की गई, जिसमें ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
मुख्य वक्ता एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पैनल अधिवक्ता रिंकू कुमारी सिन्हा ने चलंत लोक अदालत के उद्देश्य, इसके लाभ और न्याय तक आसान पहुँच की प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “न्याय हर नागरिक का मूल अधिकार है, लेकिन इसके लिए कानूनी जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।” उन्होंने निःशुल्क अधिवक्ता सुविधा, गरीब एवं जरूरतमंदों के लिए उपलब्ध सहायता योजनाओं के साथ-साथ बाल विवाह, बाल श्रम और डायन प्रथा जैसे सामाजिक अपराधों से संबंधित कानूनों पर भी लोगों को जागरूक किया।
उन्होंने मध्यस्थता (Mediation) के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि कई विवाद बातचीत और सहमति से कोर्ट-कचहरी गए बिना ही सुलझाए जा सकते हैं, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं और आवश्यक कानूनी मदद का भरोसा दिलाया।
इस दौरान अंचल नाजिर राहुल कुमार, पैरा लीगल वॉलंटियर्स संजीव कुमार महतो, रुपाली पति, रीता महतो, अनिता मिश्रा सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
Related posts:

