Spread the love

प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन के साथ सरायकेला में भी प्रभु श्रीराम के स्वागत को लेकर श्रीराममय हुआ सरायकेला…

 

22 को घर-घर विराजेंगे प्रभु श्रीराम, दीपोत्सव मनाते हुए सरायकेला के दो श्रीराम मंदिरों में सजेगी दीपावली…

सरायकेला (संजय मिश्रा )

। हर मन में श्रीराम और कण-कण में श्रीराम के साथ सरायकेला में भगवान श्रीराम की आराधना का इतिहास अलौकिक और प्राचीन रहा है। सरायकेला स्टेट की स्थापना काल से ही विधिवत रूप से भगवान श्रीराम की मंदिर स्थापना के साथ नियमित पूजा आराधना होती रही है। बताया जाता है कि सूर्यवंशी सरायकेला राज परिवार के आराध्य प्रभु श्रीराम रहे हैं। वर्ष 1610 ईस्वी में सरायकेला स्टेट की स्थापना के साथ राजमहल के प्रवेश पर प्रथम मंदिर श्री रघुनाथ जी का बनाया गया था। जो कालांतर में वर्तमान राजमहल के प्रवेश के साथ मंदिर में श्री रघुनाथ जी विराजमान है। जिनकी नियमित रूप से पूजा अर्चना मंदिर के पुजारी पंडित सुधांशु शेखर पाणी द्वारा की जाती है।

जिसमें समस्त राज परिवार शामिल होकर प्रभु श्री रघुनाथ की आराधना करते हैं। इसके साथ ही प्राचीन काल से परंपरा रही है कि युद्ध सहित अन्य कार्यवश भी राजमहल से प्रस्थान के क्रम में राज परिवार के सभी सदस्य भगवान श्री रघुनाथ के दर्शन एवं आराधना कर रवाना होते रहे हैं। और वापसी के बाद भगवान श्री रघुनाथ के दर्शन के पश्चात ही राजमहल में प्रवेश करते हैं। अयोध्या धाम में आगामी 22 जनवरी को प्रभु श्रीराम के आगमन की तैयारी के साथ राजमहल स्थित प्राचीन श्री रघुनाथ मंदिर में भी प्रभु श्रीराम के स्वागत की तैयारी की जा रही है। सरायकेला राजा प्रताप आदित्य सिंहदेव बताते हैं कि प्रभु श्रीराम राज परिवार के आराध्य एवं ईस्ट रहे हैं। जिनकी सदियों से राज परिवार द्वारा पूरे रीति रिवाज के साथ पूजा अर्चना की जाती रही है। 22 जनवरी को मंदिर प्रांगण में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए

शिक्षाविद नीलांबर सिंहदेव ने बताया कि क्षत्रिय समाज सरायकेला की ओर से 22 जनवरी को मंदिर की विशेष रूप से विद्युत सज्जा की जाएगी। और नियमित ऊर्जा अर्चना के साथ विशेष पूजा का आयोजन कर 251 दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया जाएगा। मौके पर प्रभु श्री रघुनाथ जी को प्रसाद का चढ़ावा चढ़ाकर जन-जन के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

इसी प्रकार माजना घाट स्थित भगवान श्रीराम के मंदिर में श्रीराम भक्तों के द्वारा सोमवार 22 जनवरी को विशेष पूजा अर्चना के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पुजारी पंडित सुधांशु शेखर पाणी, राम भक्त भोला महंती एवं सुमन धीर सामंत उर्फ पप्पू द्वारा बताया गया कि मंदिर की आवश्यक विद्युत सज्जा के साथ भक्तों के साथ 551 दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया जाएगा। प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन पर माजना घाट स्थित श्रीराम मंदिर में भक्तों के साथ भजन कीर्तन एवं आरती के कार्यक्रम करते हुए प्रसाद का चढ़वा चढ़ाकर भक्तों के बीच वितरण किया जाएगा।

श्रीराम पताका से सज रहा सरायकेला:-

22 जनवरी की विशेष तैयारी को लेकर श्रीराम भक्तों द्वारा सरायकेला के चौक चौराहा और मुख्य बाजार क्षेत्र को श्रीराम पताका से आकर्षक सजा दी जा रही है। जिसके कारण समूचा सरायकेला श्रीराममय हुआ प्रतीत हो रहा है।

मंदिरों की साफ सफाई में महिलाओं का उत्साह:-

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीरामचंद्र जी के अयोध्या धाम आगमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष पिंकी मोदक के साथ सरायकेला की महिलाओं ने उत्साह के साथ सरायकेला नगर क्षेत्र मंदिरों की साफ सफाई किया जा रहा है। इसके तहत धोबासाई एवं तेलीसाई स्थित हरि मंदिर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

सामूहिक निर्णय लिया गया कि आगामी 22 जनवरी को संपूर्ण सरायकेला के हर एक मंदिर एवं घरों में दीप प्रज्वलित कर दीपावली मनाया जाएगा। कार्यक्रम में विशेष रूप से मनोज कुमार चौधरी, भवानी मोदक, तिलोत्तमा पति, सुनीला सुतार, मालती कर्मकार, बसंती सुतार, सुरकुनी देवी, सावित्री कर्मकार, रुनु पड़िहारी, सार देवी एवं अंगूर देवी सहित दर्जनों की संख्या में महिलाएं साफ-सफाई अभियान में शामिल रही।

Advertisements

You missed