24 घंटे में पुलिस का बड़ा एक्शन: जगन्नाथ गोप हत्याकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्टर : जगबंधु महतो
एसपी मनोज स्वर्गियारी की रणनीति सफल, हत्या में इस्तेमाल लोहे के रॉड बरामद; फरार आरोपियों की तलाश जारी
आदित्यपुर : सरायकेला जिला के आदित्यपुर थाना अंतर्गत बोलायडीह में दिनदहाड़े हुई जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा की सनसनीखेज हत्या के मामले में सरायकेला-खरसावां पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए दो लोहे के रॉड भी बरामद कर लिए हैं। वहीं, वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि 18 जुलाई को सोनू गोप के लिखित आवेदन के आधार पर आदित्यपुर थाना कांड संख्या 196/2026 दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान एवं छापेमारी टीम का गठन किया गया।
विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक अनुसंधान और लगातार छापेमारी के आधार पर शिवम प्रमाणिक, संजय नायक, प्रेम नायक और गणेश नायक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो लोहे के रॉड बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि जिला पुलिस गंभीर अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे कोई भी हो, कानून से बच नहीं सकता। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। अनुसंधान में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि इस पूरे ऑपरेशन में एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम के पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की सक्रिय भूमिका रही, जिसके परिणामस्वरूप इस चर्चित हत्याकांड का त्वरित खुलासा संभव हो सका।

