
51 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न, “उत्थान संगठन” ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी

रांची । “उत्थान संगठन जनहित सेवा” के अध्यक्ष रेणु सिंह के नेतृत्व में रविवार को रांची के पुराना विधानसभा मैदान में 51 जोड़ों का सामूहिक विवाह कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में टाइगर संदीप नायक और समाजसेवी मुकेश कुमार नायक शामिल हुए। इस मौके पर मुकेश नायक ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि— “संगठन ने असहाय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों का विवाह कराकर समाज को मानवता का सन्देश दिया है। ऐसी पहल पर झारखंड सरकार को भी ध्यान देना चाहिए और महिला संगठनों को सहयोग देना चाहिए।”टाइगर संदीप नायक ने संगठन की सराहना करते हुए कहा— “उत्थान संगठन पिछले दस वर्षों से सामाजिक सरोकारों से जुड़ा कार्य कर रहा है, चाहे महिलाओं को रोज़गार उपलब्ध कराना हो या ज़रूरतमंदों को मदद पहुँचाना, संगठन हर वक्त सक्रिय रहता है।” कार्यक्रम में नवविवाहित जोड़ों के परिजनों की भी अच्छी-खासी उपस्थिति रही। सभी ने इस मानवीय पहल की सराहना की और संगठन को धन्यवाद दिया।

