Advertisements
Spread the love

जाम नालियों और गंदगी पर एक्शन मोड में मेयर, जगन्नाथपुर में जल्द चलेगा सफाई अभियान

Advertisements

रिपोर्ट : जगबंधु महतो

आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र से सटे जगन्नाथपुर पंचायत के ग्रामीण लंबे समय से जाम नालियों और फैली गंदगी की समस्या से जूझ रहे हैं। लाल बिल्डिंग चौक के आसपास हालात इतने खराब हो चुके हैं कि नालियों का गंदा पानी सड़क और बस्तियों तक फैलने लगा है। जलनिकासी व्यवस्था ध्वस्त होने से इलाके में दुर्गंध फैल रही है और बरसात से पहले संक्रमण व महामारी का खतरा भी मंडराने लगा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया।
ग्रामीणों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए जगन्नाथपुर पंचायत समिति सदस्य अमरेश कुमार ईश्वर ने लगातार आदित्यपुर नगर निगम का ध्यान इस ओर आकर्षित किया। हाल ही में उन्होंने नगर निगम के मेयर संजय सरदार को ज्ञापन सौंपकर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया। इसके बाद गुरुवार को मेयर संजय सरदार खुद चिलचिलाती धूप में जगन्नाथपुर गांव पहुंचे और वार्ड संख्या 4 के पार्षद शुभम कुमार पांडेय समेत अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने जाम नालियों, जलभराव और फैली गंदगी की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। मेयर संजय सरदार ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र और उससे सटे इलाकों में लोगों की बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई अभियान चलाने, नालियों की सफाई कराने और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश देने की बात कही।
मेयर के दौरे के बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि बरसात से पहले इलाके को जलजमाव और गंदगी की समस्या से राहत मिल सकेगी।

You missed

मुसाबनी : मुसाबनी कंपनी तालाब के सौंदर्यीकरण व विकास को लेकर पर्यटन मंत्री को सौंपा ज्ञापन