
विधायक संजीव सरदार ने स्कूली बच्चों को साइकिल वितरण कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ, 450 बच्चों के खिले चेहरे

संवाददाता : अभिजीत सेन
जमशेदपुर/पोटका । झारखंड सरकार के कल्याण विभाग की महत्वाकांक्षी ‘उन्नति का पहिया योजना’ अंतर्गत मंगलवार को पोटका प्रखंड मुख्यालय में नि:शुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पोटका विधायक संजीव सरदार ने इसका उद्घाटन किया। इस दौरान प्रखंड क्षेत्र के 12 स्कूलों के कक्षा आठवीं के 450 छात्र-छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में बच्चों को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि झारखंड सरकार छात्रों को पढ़ाई और प्रगति के लिए हर संभव सुविधा उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा, “बिना मेहनत और संघर्ष के सफलता संभव नहीं है। सरकार निजी विद्यालयों से भी अधिक खर्च कर गरीब से गरीब बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ रही है। आप सभी को अपने सपनों को ऊँचा रखना चाहिए और उसे पाने के लिए जी-जान से मेहनत करनी होगी।”
विधायक ने घोषणा की कि हाता में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु नि:शुल्क कोचिंग सेंटर शीघ्र शुरू किया जाएगा, जिसमें कंप्यूटर कोर्स की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
कार्यक्रम की शुरुआत में दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन और शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। दो मिनट का मौन रखकर उनके योगदान को याद किया गया। विधायक ने कहा कि दोनों नेताओं का निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है।
इस अवसर पर जानकारी दी गई कि सत्र 2025 के दौरान पोटका प्रखंड के कुल 2764 आठवीं कक्षा के छात्रों को ‘उन्नति का पहिया योजना’ के तहत साइकिलें प्रदान की जाएंगी।
कार्यक्रम में पोटका बीडीओ अरुण कुमार मुंडा, सीओ निकिता बाला, बीपीआरओ डॉ. मनोज सिन्हा, जेएसएलपीएस कोऑर्डिनेटर मंटू मुंडा, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सुखलाल हेंब्रम समेत स्कूल शिक्षक, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

