Advertisements
Spread the love

चांडिल और नीमडीह में पांच दुर्गा पूजा पंडालों का विधायक सविता महतो ने किया उद्घाटन, सुख-शांति और समृद्धि की कामना

सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल और नीमडीह प्रखंड में दुर्गा पूजा की धूम शुरू हो गई है। महाषष्ठी के पावन अवसर पर ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने चांडिल प्रखंड के फोदलोंगोड़ा, आसनबनी और कदमडीह तथा नीमडीह प्रखंड के चालियामा और चालियामा हरिमंदिर स्थित दुर्गा पूजा पंडालों का विधिवत उद्घाटन किया। फीता काटकर उद्घाटन के बाद श्रद्धालुओं के लिए मां दुर्गा के दर्शन का मार्ग प्रशस्त हुआ। इस दौरान विधायक ने मां दुर्गा के चरणों में माथा टेककर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शारदीय नवरात्र में मां दुर्गा के नौ रूपों की आराधना की जाती है। मां दुर्गा शक्ति और नारी सशक्तीकरण की प्रतीक हैं। उनकी आराधना से ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मक शक्ति प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की पूजा हमें बुराई पर अच्छाई की जीत, अन्याय के खिलाफ संघर्ष और समाज में सकारात्मकता बनाए रखने की प्रेरणा देती है।

विधायक ने सभी लोगों से दुर्गा पूजा का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।

इस मौके पर पारडीह काली मंदिर के महंत विद्यानंद सरस्वती, झामुमो केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक, काबलु महतो, दिलीप महतो, प्रबोध उरांव, शंकर मंडल, टिंकू राम महतो, राहुल वर्मा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

You missed