झारखंड में मेडिकल शिक्षा को नई उड़ान: आदित्यपुर NSMCH में 150 MBBS सीटें, रांची में बनेगा नया मेडिकल कॉलेज

रिर्पोटर – जगबंधु महतो
डॉक्टर बनने का सपना होगा आसान: आदित्यपुर और बिहटा में बढ़ीं MBBS सीटें, 2028 तक रांची में खुलेगा नया मेडिकल कॉलेज
आदित्यपुर: झारखंड और बिहार के मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (NSMCH), आदित्यपुर ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा विस्तार करते हुए एमबीबीएस सीटों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की है। साथ ही संस्थान ने रांची में एक नए मेडिकल कॉलेज की स्थापना की भी घोषणा की है, जिससे क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
संस्थान के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने बताया कि आदित्यपुर स्थित NSMCH में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं और शैक्षणिक मानकों को सुदृढ़ करने के बाद एमबीबीएस की सीटें 100 से बढ़ाकर 150 कर दी गई हैं। वहीं, संस्थान के बिहटा (बिहार) परिसर में भी एमबीबीएस सीटों की संख्या 156 से बढ़ाकर 256 कर दी गई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के निर्धारित मानकों को पूरा करते हुए यह उपलब्धि हासिल करना संस्थान के लिए गर्व की बात है।
मदन मोहन सिंह ने बताया कि चिकित्सा शिक्षा के बढ़ते दायरे को देखते हुए अब रांची में एक अत्याधुनिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण भी शुरू कर दिया गया है। टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर रामपुर चौक से लगभग छह किलोमीटर पहले, सदानंद फन वाटर पार्क के समीप 22 एकड़ 20 डिसमिल भूमि पर ‘मदन मोहन मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल’ विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2028 तक इस नए मेडिकल कॉलेज में 150 एमबीबीएस सीटों के साथ पहले शैक्षणिक सत्र की शुरुआत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। संस्थान का दावा है कि यह परियोजना झारखंड में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

