
एमबीएनएस इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग में नए विद्यार्थियों का स्वागत, भविष्य की राह से कराया परिचित
सरायकेला खरसावां जिला के चांडिल प्रखंड अंतर्गत आसनबनी स्थित एमबीएनएस इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग में प्रथम वर्ष बी.एससी. नर्सिंग बैच-2026 के नवागत विद्यार्थियों के लिए भव्य ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्थान के मल्टीपर्पज हॉल में सुबह 11 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, फैकल्टी सदस्यों एवं स्टाफ ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमबीएनएस ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशंस के चेयरमैन विवेक सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नर्सिंग क्षेत्र में सफल भविष्य निर्माण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सबसे पवित्र माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण और करुणा के साथ पढ़ाई करने की सलाह दी। साथ ही विश्वास दिलाया कि संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद संस्थान के प्राचार्य और वरिष्ठ फैकल्टी सदस्यों ने नवागत विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ्यक्रम, प्रयोगशाला, पुस्तकालय और अन्य सुविधाओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों को संस्थान के नियमों, अनुशासन संहिता और भविष्य में उपलब्ध करियर के अवसरों से भी अवगत कराया गया।
‘विद्या ददाति विनयम्’ के आदर्श वाक्य पर आधारित एमबीएनएस इंस्टिट्यूट शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों को भी विशेष महत्व देता है। चेयरमैन विवेक सिंह ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल डिग्रीधारी विद्यार्थी तैयार करना नहीं, बल्कि कुशल, संवेदनशील और जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मी तैयार करना है, जो समाज एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकें।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। वहीं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और संवादात्मक सत्रों ने कार्यक्रम को रोचक एवं यादगार बनाया। इससे नवागत विद्यार्थियों को संस्थान के वातावरण को समझने और आपसी तालमेल बढ़ाने का अवसर मिला।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान प्रबंधन, फैकल्टी एवं स्टाफ के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
