
विधायक संजीव सरदार की पहल पर सरमंदा पत्थर खदान हादसे के पीड़ित परिवारों को मिला मुआवज़ा

संवाददाता : अभिजीत सेन
जमशेदपुर/पोटका : पोटका प्रखंड के सरमंदा स्थित पत्थर खदान में मंगलवार को हुए दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की मौत के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतकों की पहचान सरमंदा निवासी टुकलू सरदार और बटुझोर (राजनगर प्रखंड) निवासी सुभजीत गोप के रूप में हुई है। बताया गया कि माइंस से मटेरियल धुलाई के दौरान हाईवा का ब्रेक फेल हो गया, जिसके कारण वाहन पलट गया और दोनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पोटका विधानसभा क्षेत्र के युवा विधायक संजीव सरदार तुरंत घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। विधायक सरदार ने कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है, जिसमें दो परिवारों ने अपने घर के पालनकर्ता को खो दिया है।
विधायक संजीव सरदार ने कंपनी प्रबंधन से वार्ता की अगुवाई की। इस वार्ता में पीड़ित परिवारों को उचित मुआवज़ा राशि देने और श्राद्धकर्म के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता प्रदान करने पर सहमति बनी।
इस दौरान स्थानीय मुखिया, वार्ड सदस्य, ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि, झामुमो कार्यकर्ता, ग्रामीण और कंपनी के प्रतिनिधि मंडल मौजूद रहे।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी के तहत पीड़ित परिवारों को पूरा सहयोग मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे इस दुख की घड़ी में परिवारों के साथ खड़े हैं और प्रशासन से भी हर संभव मदद सुनिश्चित करने की मांग की है।
अंत में विधायक ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान हो।

