पटना : बिहार की ग्राम कचहरी बन गयी स्मार्ट
संजय कुमार विनीत ✍️
पंचायती राज विभाग की कोशिश है कि लोकतंत्र की सबसे निचली इकाई में पारदर्शी तरीके से लोगों को समयबद्ध न्याय मिले। इस प्रणाली को इसी मंशा से विकसित किया गया है।यह लोगों को सस्ता, सरल एवं ससमय इंसाफ दे रही है।
बिहार के गांवों के लोग अपने स्मार्ट फोन से ग्राम कचहरियों में मामले ले जा रहे हैं। कुछ ही महीनों में इ- ग्राम कचहरी के जरिये 15 हजार 559 मामले दर्ज हुए। इनमें 8148 दीवानी तथा 7411 फौजदारी किस्म के मामले हैं। 1163 दीवानी तथा 1473 फौजदारी मामलों, यानी कुल 2636 मामलों की सुनवाई कर ग्राम कचहरियां कर फैसला सुना चुकी हैं।
इस संबंध में पंचायत राज विभाग के निदेशक आनंद शर्मा ने बताया कि राज्य के तीन जिले मुजफ्फरपुर में 1109, पूर्वी चंपारण में 1096 और सीतामढ़ी में 995 मामले दर्ज हुए जो पंचायत इ-ग्राम कचहरी के तहत सर्वाधिक हैं। बिहार राज्य पंचायती राज निदेशक के मुताबिक इस प्रणाली को लागू करने वाला बिहार देश का पहला राज्य है।
इस बीच पंचायती राज विभाग पंचातयों में विवादों के तेजी से निबटारे के लिए सप्ताह में दो दिन सरपंचों की सुनवाई अनिवार्य करने की तैयारी कर रहा है। न वकील न पैरवीकार, तारीख की जानकारी लेना आसान ।