Advertisements
Spread the love

एनएफएस के 11 महीनों के बकाया कमीशन सहित 11 सूत्री मांगों को लेकर पीडीएस डीलरों का धरना प्रदर्शन

Advertisements

रिपोर्टर  – जगबंधु महतो 

सरायकेला / खरसावां । फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन झारखंड की सरायकेला-खरसावां जिला इकाई के तत्वावधान में शुक्रवार को जिला समाहरणालय के समक्ष एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन एनएफएस के तहत 11 महीनों से लंबित कमीशन सहित 11 सूत्री मांगों को लेकर किया गया।

एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष फूलकांत झा के नेतृत्व में पीडीएस डीलरों के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि एनएफएस के अंतर्गत 11 माह की बकाया कमीशन राशि का शीघ्र भुगतान किया जाए। साथ ही सभी डीलरों को स्वास्थ्य बीमा के तहत स्मार्ट कार्ड उपलब्ध कराया जाए।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि किसी डीलर के आकस्मिक निधन की स्थिति में उसके परिजनों को श्रद्धा कर्म हेतु तीन लाख रुपये की सहायता राशि दी जाए। ग्रीन कार्डधारकों के लिए 19 महीने का लंबित कमीशन भी अविलंब जारी करने की मांग की गई है।

इसके अलावा जो डीलर स्वेच्छा से सेवा से निवृत्त होते हैं उन्हें न्यूनतम दस हजार रुपये मासिक जीवन निर्वाह भत्ता दिए जाने की बात कही गई है। पीडीएस प्रणाली में शिक्षित युवाओं की बहाली, प्रत्येक परिवार को प्रतिमाह दो किलो चीनी उपलब्ध कराने, डीलरों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने, और विभागीय व्यवहार को सम्मानजनक बनाए जाने की मांग भी शामिल है।

ऐसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार द्वारा इन मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो प्रदेश कमेटी के निर्देशानुसार आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

धरना में जिले के सभी प्रखंडों से बड़ी संख्या में पीडीएस डीलर शामिल हुए।