Advertisements
Spread the love

न्याय आपके द्वार : चलंत लोक अदालत वाहन को न्यायाधीश ने दिखाया हरी झंडी

Advertisements

संवाददाता : मौसम गुप्ता 

दुमका । जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दुमका द्वारा शुक्रवार को “न्याय आपके द्वार” विधिक जागरूकता कार्यक्रम के तहत चलंत लोक अदालत वाहन को न्याय सदन परिसर से रवाना किया गया। इस वाहन को प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह प्राधिकार अध्यक्ष शत्रुंजय कुमार सिंह एवं सचिव उत्तम सागर राणा सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर संयुक्त रूप से रवाना किया।

यह विशेष वाहन अगस्त माह भर जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं गांवों का दौरा कर विधिक जागरूकता फैलाने तथा लोक अदालतों के आयोजन का कार्य करेगा।

इस क्रम में शुक्रवार को मसलिया प्रखंड के सापचाला पंचायत सभागार में कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल अंकित कुमार सिंह ने उपस्थित ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत की प्रक्रिया, नालसा की योजनाएं, मानव तस्करी व यौन शोषण के विरुद्ध कानूनी उपाय, असंगठित श्रमिकों एवं बच्चों के अधिकार जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति, जो सरकारी योजनाओं से वंचित है या किसी प्रकार की पीड़ा का शिकार है, वह डालसा कार्यालय में आवेदन देकर त्वरित न्याय प्राप्त कर सकता है।

कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों के बीच कानूनी जानकारी से संबंधित पंपलेट का वितरण भी किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने अधिकारों से अवगत हो सकें।

इस अवसर पर रुबिन हांसदा, प्रदीप मुर्मू, रविशंकर झा, अमित साधु समेत कई स्थानीय लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।