
दुर्गा पूजा में सुरक्षा को लेकर गम्हरिया थाना में शांति समिति की बैठक, पूजा समितियों को दिए गए कई निर्देश
रिर्पोटर – जगबंधु महतो
गम्हरिया : दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर मंगलवार को गम्हरिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। थाना प्रभारी संजय प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में क्षेत्र की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में छोटा गम्हरिया, मुसरीकुदर, टाटा कॉम्प्लेक्स कॉलोनी, रामचंद्रपुर, जगन्नाथपुर, बलरामपुर, बासुडदा, उदयपुर, नुआगढ़, डुडरा-पार्वतीपुर, बड़ा-जामजोड़ा और झुरकुली समेत विभिन्न क्षेत्रों की पूजा समितियों ने भाग लिया।
बैठक में पुलिस ने पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। थाना प्रभारी ने पूजा समितियों को पंडालों में पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक (वालंटियर) तैनात करने का निर्देश दिया, ताकि भीड़ नियंत्रण के साथ किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मदद उपलब्ध कराई जा सके।
सुरक्षा के मद्देनजर सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया। पुलिस ने पूजा समितियों से पंडाल परिसर के साथ आसपास के इलाकों में स्वच्छता बनाए रखने की भी अपील की। साथ ही पूजा के दौरान किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की बात कही गई।
बैठक में झामुमो जिला उपाध्यक्ष अमृत महतो, फुलकंत झा, खोकन महतो, कलिकापुर मुखिया सविता हंसदा, सुनीता मिश्रा, अनिल ठाकुर, करण मार्डी, प्रवीण कुमार महतो, राकेश सिंह चंदेल समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और पूजा समितियों के सदस्य मौजूद रहे।
