Advertisements
Spread the love

आदित्यपुर में ऑनलाइन सट्टे के हाईटेक सिंडिकेट पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 3 गिरफ्तार, डिजिटल नेटवर्क का खुलासा

Advertisements
Advertisements

रिर्पोटर : जगबंधु महतो

मोबाइल, लैपटॉप, सिम और बैंक कार्ड के सहारे चल रहा था ऑनलाइन बेटिंग रैकेट, सरायकेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 

आदित्यपुर :
सरायकेला-खरसावां पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के संगठित नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर गांव से संचालित हाईटेक बेटिंग रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, सक्रिय सिम कार्ड, बैंक कार्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। माना जा रहा है कि यह गिरोह इंटरनेट के माध्यम से ऑनलाइन सट्टेबाजी का संगठित कारोबार चला रहा था।

इस मामले का खुलासा सरायकेला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज और आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने संयुक्त प्रेस वार्ता में किया। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शिवनारायणपुर गांव में अवैध ऑनलाइन बेटिंग का नेटवर्क सक्रिय है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

सुमित कुमार (22 वर्ष), बेगूसराय (बिहार)

गुलशन कुमार (21 वर्ष), खगड़िया (बिहार)

मनोज कुमार (42 वर्ष), मूल निवासी भोजपुर (बिहार), वर्तमान में पूर्वी सिंहभूम में रह रहा था।

छापेमारी में बरामद सामग्री

पुलिस ने मौके से 15 स्मार्टफोन, 13 सक्रिय सिम कार्ड, 3 डेबिट कार्ड, 4 एयरटेल एयर फाइबर एवं वाई-फाई उपकरण, 2 लैपटॉप, कीबोर्ड, चार्जर, एडॉप्टर, हिसाब-किताब से जुड़ी डायरियां तथा 6 यूपीआई क्यूआर कोड की प्रतियां बरामद की हैं। बरामद सामग्री से संकेत मिलता है कि गिरोह डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टेबाजी का संचालन कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, जब्त मोबाइल फोन, बैंक खातों, यूपीआई ट्रांजेक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े हर व्यक्ति तक पहुंचने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।