Advertisements
Spread the love

दुमका पुलिस ने सौर प्लेट चोरी का किया खुलासा, 9 सदस्यीय गिरोह गिरफ्तार

Advertisements

संवाददाता : मौसम गुप्ता

दुमका । दुमका पुलिस ने जिले के विभिन्न विद्यालयों से सौर प्लेट समेत अन्य सामग्रियों की चोरी मामले का उद्भेदन करते हुए चोर गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि पिछले कई दिनों से दुमका जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों से सौर प्लेट चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीपीओ विजय कुमार महतो के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में 17 अगस्त को जामा थाना क्षेत्र के निश्चितपुर मोड़ के पास एक अल्टो कार में सवार 6 संदिग्धों को पकड़ा गया, पूछताछ में उन्होंने चोरी की घटनाओं को स्वीकार कर लिया। वहीं दूसरी टीम ने शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र से तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया। सभी नौ अभियुक्तों ने दुमका जिले के विभिन्न स्कूलों से सौर प्लेट और अन्य सामग्रियां चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 24 सौर प्लेट, एक अल्टो कार, छह स्मार्टफोन, एलईडी टीवी, प्रोजेक्टर, सर्वर सीपीयू, प्रिंटर, यूपीएस, करीब 40 से अधिक कंप्यूटर मॉनिटर, सीपीयू, कीबोर्ड, माउस, स्पीकर, जर्सी, बैटरियां और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। छापेमारी दल में एसडीपीओ विजय कुमार महतो समेत जामा और शिकारीपाड़ा थाना पुलिस की टीम शामिल थी।