Spread the love

बिना नोटिस पंचिंग कार्ड ब्लॉक, सेटलमेंट राशि भी रोकी! मेटाफैब इंडस्ट्रीज पर श्रमिक ने लगाया गंभीर उत्पीड़न का आरोप

Advertisements
Advertisements

रिर्पोटर — जगबंधु महतो

“रिजाइन पर साइन करो, तभी सोचेंगे”—कंपनी प्रबंधन पर धमकी और बकाया भुगतान रोकने का आरोप, मामला श्रम अधीक्षक कार्यालय पहुंचा

 

आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित मेटाफैब इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ एक श्रमिक ने गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। इस संबंध में तारापद कुमार द्वारा श्रम अधीक्षक, सरायकेला-खरसावां के कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि नवंबर 2024 में बिना किसी पूर्व सूचना, कारण बताए अथवा वैधानिक नोटिस दिए अचानक उसका पंचिंग कार्ड ब्लॉक कर दिया गया। इसके बाद जब उसने कंपनी के एचआर विभाग से संपर्क कर स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया, तो उसे सहयोग देने के बजाय डराने-धमकाने और नौकरी छोड़ने का दबाव बनाया गया। शिकायत में कहा गया है कि उसे कथित रूप से कहा गया कि “भाग जाओ और रिजाइन लेटर पर साइन कर दो।”
तारापद कुमार का कहना है कि जब उसने अपनी सेटलमेंट राशि, बकाया वेतन एवं अन्य देय लाभों के भुगतान की मांग की, तब कंपनी प्रबंधन की ओर से उसे रिजाइन लेटर पर हस्ताक्षर करने के लिए कहा गया। उसका आरोप है कि बिना इस्तीफा दिए उसके वैधानिक भुगतान को रोका जा रहा है।
श्रमिक ने बताया कि नवंबर 2024 से वह आर्थिक, मानसिक और शारीरिक परेशानियों का सामना कर रहा है। अपने अधिकारों और बकाया भुगतान के लिए वह लगातार कंपनी प्रबंधन के चक्कर लगाता रहा, लेकिन अब तक उसे न्याय नहीं मिला है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा जानबूझकर उसका सेटलमेंट भुगतान रोककर मानसिक प्रताड़ना दी जा रही है। अब यह मामला श्रम अधीक्षक कार्यालय पहुंच चुका है, जहां शिकायत की जांच और श्रम कानूनों के तहत आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।

You missed