झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय कुकडू में प्रबंध समिति गठन पर उठा सवाल, बैठक की पूरी कार्यवाही तलब

रिर्पोटर – जगबंधु महतो
50% अभिभावकों को सूचना नहीं मिलने का आरोप, बीईईओ ने मांगी पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट और बैठक की छायाप्रति
कुकडू : झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय, कुकडू में विद्यालय प्रबंध समिति (VMC) के गठन को लेकर नया विवाद सामने आया है। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) कुकडू ने एक आधिकारिक पत्र जारी कर 20 जुलाई 2026 को आयोजित बैठक की संपूर्ण कार्यवाही, पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट तथा अभिभावकों की उपस्थिति से संबंधित दस्तावेज तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
जारी पत्र के अनुसार, पूर्व में ज्ञापांक-254 दिनांक 18 जुलाई 2026 के तहत नई विभागीय गाइडलाइन के अनुरूप विद्यालय प्रबंध समिति का गठन कराने के लिए संबंधित बीआरपी एवं सीआरपी को पर्यवेक्षक के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था। लेकिन बैठक के दौरान यह बात सामने आई कि लगभग 50 प्रतिशत अभिभावकों को सूचना नहीं दी गई थी। इसके कारण बैठक में अपेक्षित संख्या में अभिभावक उपस्थित नहीं हो सके और समिति गठन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि स्थिति को देखते हुए पर्यवेक्षकों को तत्काल समिति गठन की प्रक्रिया स्थगित करने, सभी अभिभावकों को पुनः लिखित सूचना देकर नई तिथि निर्धारित करने का निर्देश दिया गया। इसके बाद प्रखंड प्रमुख के साथ अधिकारी बैठक स्थल से निकल गए।
अब बीईईओ ने संबंधित पक्षों से 20 जुलाई की बैठक में प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षकों का मंतव्य, अभिभावकों की उपस्थिति पंजी, बैठक की कार्यवाही विवरण (मिनट्स) तथा अन्य संबंधित प्रतिवेदन एवं छायाप्रति अपनी टिप्पणी सहित यथाशीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
इस घटनाक्रम के बाद विद्यालय प्रबंध समिति गठन की प्रक्रिया और सूचना व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि संबंधित प्रतिवेदन में क्या तथ्य सामने आते हैं और नई तिथि पर समिति गठन की प्रक्रिया किस प्रकार पूरी की जाती है।

