
पारिवारिक विवाद में खूनी वारदात! पत्नी और सास की हत्या, आरोपी दामाद गिरफ्तार
Arjun Kumar….✍️
नामकुम(राँची) । टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के पुराना चतरा रिंग रोड में शनिवार को पारिवारिक विवाद ने दो महिलाओं की जान ले ली। पत्नी और सास के साथ हुई कहासुनी के बाद दामाद ने लोहे की रॉड से दोनों के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाई गईं दोनों महिलाओं ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दामाद सावन बिरहोर को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, अनगड़ा थाना क्षेत्र के कुसुम टोली निवासी सावन बिरहोर (पिता- साइडेश्वर बिरहोर) शनिवार को अपने ससुराल पुराना चतरा पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी पत्नी ममता देवी और सास सोनिया देवी से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक वारदात में बदल गई। आरोप है कि सावन ने लोहे की रॉड से दोनों के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात के बाद आरोपी ने ममता के भाई पवन महली को फोन कर कहा कि उसने उसकी बहन और मां को मार दिया है, हिम्मत है तो आकर बचा लो। सूचना मिलते ही पवन आनन-फानन में घर पहुंचा और दोनों को लेकर नजदीकी स्वर्णरेखा अस्पताल गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया गया। रिम्स में इलाज के दौरान पहले ममता देवी ने रात करीब 11:30 बजे और फिर सोनिया देवी ने रात करीब 1:30 बजे दम तोड़ दिया।
छह महीने से मायके में रह रही थी ममता
मृतका के भाई पवन महली की पत्नी अनीशा कुजूर ने बताया कि सावन बिरहोर अक्सर ममता के साथ मारपीट करता था। इसी वजह से ममता पिछले करीब छह महीने से अपने मायके पुराना चतरा में रह रही थी और पति से बातचीत भी बंद कर दी थी। शनिवार को सावन अचानक ससुराल पहुंचा और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मृतका के भाई पवन महली ने टाटीसिलवे थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही जांच
टाटीसिलवे थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। पत्नी और सास पर जानलेवा हमला करने के आरोपी सावन बिरहोर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
