अभिभावकों को बच्चों के प्रति जागरूक करना ही लक्ष्य : डालसा

Arjun Kumar…✍️
रांची। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची द्वारा मंगलवार को जगन्नाथपुर रथ मेला परिसर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर श्रद्धालुओं को नालसा की ‘प्रोजेक्ट आशा’ योजना की जानकारी दी गई। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश, सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना, न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन तथा डालसा सचिव राकेश रौशन की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम के तहत बताया गया कि 25 जुलाई तक रथ मेला परिसर में विधिक जागरूकता अभियान एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
डालसा के पीएलवी ने बताया कि नालसा प्रोजेक्ट आशा का उद्देश्य बाल विवाह का पूर्ण उन्मूलन, माता-पिता एवं बच्चों को बाल विवाह के कानूनी और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों से अवगत कराना, जोखिम वाले परिवारों को सशक्त बनाना तथा पीड़ित बच्चों को निःशुल्क कानूनी सहायता, शेल्टर होम और मानसिक परामर्श उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में आगामी 12 सितंबर को व्यवहार न्यायालय, रांची में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी भी दी गई। पीएलवी सतीश कुमार और उमेश कुमार ने बताया कि वादकारी अपने मामलों का निःशुल्क निस्तारण करा सकते हैं। साथ ही नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी देकर पंपलेट एवं लिफलेट वितरित किए गए।
डालसा टीम ने यह भी बताया कि सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों के सौहार्दपूर्ण निस्तारण के लिए 21, 22 एवं 23 अगस्त को व्यवहार न्यायालय, रांची में विशेष लोक अदालत आयोजित होगी, जिसमें संबंधित पक्ष उपस्थित होकर अपने मामलों का शीघ्र समाधान करा सकते हैं। कार्यक्रम में पीएलवी आशीष बैठा, सूरज मुंडा, मो. इमरान, सतीश कुमार, रामजीत महतो, अमोद कुमार निषाद, संगीता देवी, सीमा कुमारी, निर्मला कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

