
90 दिवसीय विधिक जागरूकता कार्यक्रम के तहत डालसा का बुटी बस्ती में विधिक जागरूकता कार्यक्रम

Arjun Kumar …✍️
रांची । झालसा के दिशा-निर्देश पर, सदस्य सचिव झालसा कुमारी रंजना अस्थाना एवं न्यायायुक्त, रांची अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन में तथा डालसा सचिव राकेश रौशन की मौजूदगी में 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम लगातार 90 दिनों तक चलेगा। इसी क्रम में बुधवार को बूटी मोड़ स्थित बुटी बस्ती में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पीएलवी अमित बड़ाईक, स्नेहलता दुबे, बेबी सिन्हा समेत अन्य लोग उपस्थित थे। पीएलवी अमित बड़ाईक ने कहा कि झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित “प्रोजेक्ट कर्तव्य” जेल में बंद कैदियों एवं उनके परिवार के सदस्यों के कल्याण तथा विधिक सशक्तिकरण के लिए शुरू किया गया एक महत्वपूर्ण एवं मानवीय प्रोजेक्ट है। यह प्रोजेक्ट मुख्य रूप से उन विचाराधीन कैदियों, दोषियों एवं उनके आश्रितों की सहायता के लिए बनाया गया है, जो सामाजिक एवं आर्थिक रूप से कमजोर हैं।
पीएलवी स्नेहलता दुबे ने राज्य सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मईंया सम्मान योजना के बारे में विस्तार से बताया। वहीं पीएलवी बेबी सिन्हा ने वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, बाल विवाह, बाल श्रम, डायन-बिसाही, पीड़ित मुआवजा एवं मोटर वाहन दुर्घटना में मिलने वाली सहायता राशि से संबंधित विधिक जानकारी दी। सभी पीएलवी ने नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी भी लोगों को दी। कार्यक्रम के अंत में विधिक जानकारी से संबंधित पंपलेट एवं लिफलेट का वितरण किया गया।

