
वार्ड 18 से रंजन सिंह का दमदार नामांकन, बोले-पार्षद नहीं, वार्ड का बेटा बनकर करूंगा सेवा

गाम्हरिया संवाददाता- जगबंधु महतो
आदित्यपुर : नगर निगम चुनावों की सरगर्मी के बीच वार्ड संख्या 18 से पूर्व पार्षद रंजन सिंह ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल कर चुनावी मैदान में मजबूत दावेदारी पेश की। समर्थकों की भारी भीड़ और जोशीली नारेबाजी के बीच वे गम्हरिया प्रखंड कार्यालय स्थित नामांकन केंद्र पहुंचे। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में रंजन सिंह ने अपने चुनावी एजेंडे और विजन को स्पष्ट रूप से रखा। उन्होंने कहा कि उनका प्रमुख लक्ष्य वार्ड में अधूरे पड़े विकास कार्यों को पूर्ण कराना है, जो तकनीकी कारणों या समयाभाव में अब तक पूरे नहीं हो सके। उन्होंने दो टूक कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि वार्ड 18 को एक आदर्श और मॉडल वार्ड के रूप में विकसित करना है।
पूर्व पार्षद ने खुद को नेता नहीं, बल्कि जनसेवक बताते हुए कहा कि पद पर न रहते हुए भी वे लगातार जनता के बीच सक्रिय रहे हैं और हर सुख-दुख में साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड की जनता के साथ उनका रिश्ता पारिवारिक है, यही विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
चुनावी चुनौतियों को लेकर रंजन सिंह ने पूरा आत्मविश्वास जताया। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में किए गए बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों पर जनता अपनी मुहर लगाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग चुनाव के दौरान उनके कार्यकाल को गलत तरीके से पेश करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वार्ड की जनता सच्चाई से भली-भांति परिचित है। रंजन सिंह ने कहा, “मैं हमेशा गरीब, असहाय, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के हित में काम करता रहा हूं। मैं पार्षद नहीं, बल्कि वार्ड का बेटा और भाई बनकर सेवा करूंगा। अगर जनता ने एक बार फिर मौका दिया, तो वार्ड की तस्वीर और तकदीर-दोनों बदल दूंगा।
नामांकन के दौरान समर्थकों ने उनके समर्थन में जोरदार नारे लगाए और इस बार जीत का पूरा भरोसा जताया।
Related posts:

