Spread the love

स्कूलों के मध्यान्ह भोजन की रसोईया माताएं बनी शैफ; डीएसई ने निरीक्षण कर कहा…..

यही उर्जा और गुणवत्ता विद्यालयों में स्कूली बच्चों के भोजन

पकाने में दिखनी चाहिए….

सरायकेला Saraikela । झारखंड राज्य मध्यान्ह भोजन प्राधिकरण के निर्देशानुसार सोमवार को जिले के सभी संकुल संसाधन केंद्रों में रसोईया माताओं के भी संकुल स्तरीय कुकिंग कंपटीशन का आयोजन किया गया। जिसमें एक संकुल क्षेत्र के विद्यालयों की रसोईया माताओं ने अपने संबंधित संकुल संसाधन केंद्र में अपने साथ लाई सामग्री के साथ पहुंचकर विद्यालयों में संचालित मध्यान्ह भोजन योजना के मेनू के आधार पर भोजन पकाया। जिसके बाद निर्णायक मंडली बाल संसद द्वारा कुल एक सौ अंकों के आधार पर कुकिंग कंपटीशन के नतीजे निर्धारित किए। जिसके आधार पर संकुल स्तर पर श्रेष्ठ रसोईया का चयन किया गया। जो प्रखंड स्तर पर आयोजित होने वाले कुकिंग कंपटीशन में आगामी 16 दिसंबर को अपना प्रदर्शन करेंगी।

कुकिंग कंपटीशन के निरीक्षण के क्रम में जिला शिक्षा अधीक्षक चार्ल्स हेंब्रम सरायकेला प्रखंड के दो संकुल संसाधन केंद्र नित्यानंद उच्च विद्यालय सिंदरी एवं मध्य विद्यालय सीनी पहुंचे। जहां उन्होंने कुकिंग कंपटीशन में भाग ले रही रसोईया माताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि खाना पकाने की यही उर्जा और पके हुए खाना की गुणवत्ता विद्यालयों में भी स्कूली बच्चों के भोजन पकाते समय बरकरार रहना चाहिए। ताकि विद्यालय के बच्चों को पौष्टिक भोजन प्रतिदिन मिल सके। उन्होंने रसोईया माताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रतिदिन विद्यालय के बच्चों को भोजन कराने का वे पवित्र कार्य करती हैं। इसलिए मध्यान्ह भोजन पकाने के कार्य को सिर्फ ड्यूटी ना समझ कर स्कूली बच्चों को अच्छा और पौष्टिक भोजन कराने का धर्म समझकर कार्य करें।

मौके पर मध्य विद्यालय सीनी संकुल में प्रथम स्थान पर उत्क्रमित मध्य विद्यालय महादेवपुर की रसोईया मीना मंडल और द्वितीय स्थान पर उत्क्रमित मध्य विद्यालय उकरी की रसोईया सुशीला देवी का चयन किया गया। जिन्हें जिला शिक्षा अधीक्षक ने मौके पर प्रथम स्थान प्राप्त किए रसोईया मीना मंडल को प्रथम पुरस्कार ₹1000 और प्रमाण पत्र तथा द्वितीय स्थान प्राप्त किए रसोईया सुशीला देवी के ₹500 और प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा सभी प्रतिभागी दसुया माताओं को जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर सरायकेला प्रखंड के मध्यान्ह भोजन योजना पीएम पोषण प्रभारी राजाराम महतो एवं प्रखंड साधन सेवी गौतम कुमार उपस्थित रहे।

इसी प्रकार प्रखंड अंतर्गत कुल 8 स्कूलों में आयोजित किए गए कुकिंग कंपटीशन का अनुश्रवण करते हुए प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी रबिकांत भकत ने बताया कि उत्क्रमित उच्च विद्यालय भद्रुडीह संकुल में उत्क्रमित उच्च विद्यालय भद्रुडीह की रसोईया द्रोपदी महतो प्रथम एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय कदमडीहा की रसोईया सुजीता महतो द्वितीय, उत्क्रमित उच्च विद्यालय पठानमारा संकुल में प्राथमिक विद्यालय हुडांगदा की रसोईया मेचो कुई प्रथम एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय काशीपुर की रसोईया सोम का महतो द्वितीय, बालक मध्य विद्यालय सरायकेला संकुल में नव प्राथमिक विद्यालय देहुरीडीह की रसोईया श्रीमती खण्डाईत प्रथम एवं बालक मध्य विद्यालय सरायकेला की रसोईया सरस्वती मुंडरी द्वितीय, उत्क्रमित मध्य विद्यालय दूधी संकुल में उत्क्रमित मध्य विद्यालय बुंडू की रसोईया सविता नाथ प्रथम एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय पांड्रा की रसोईया रतनी महतो द्वितीय, उत्क्रमित उच्च विद्यालय केंदुआ संकुल में उत्क्रमित उच्च विद्यालय केंदुआ की रसोईया सावित्री लोहार प्रथम एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय नारायणडीह की रसोईया यशोदा देवी द्वितीय, नित्यानंद उत्क्रमित उच्च विद्यालय सिंदरी संकुल में उत्क्रमित मध्य विद्यालय जुरीटांड की रसोईया सविता महतो प्रथम एवं प्राथमिक विद्यालय पानारोल की रसोईया सुकुरमुनी मार्डी द्वितीय तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालय हुदू संकुल में उत्क्रमित उच्च विद्यालय हुदू की रसोईया रूपाली गांगुली एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुमारडाही की रसोईया संध्या महतो द्वितीय स्थान पर रही।

Advertisements

You missed