Spread the love

रंगारंग आगाज के साथ शुरू हुआ राजकीय चैत्र पर्व छऊ महोत्सव सह पर्यटन मेला-2023 .  .  .

कला एवं संस्कृति हमारी धरोहर; इसका संरक्षण सबका दायित्व: चंपाई सोरेन।

सरायकेला SANJAY । जिला प्रशासन एवं राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र सरायकेला के संयुक्त तत्वाधान रंगारंग आगाज के साथ राजकीय चैत्र पर्व छऊ महोत्सव महोत्सव सह पर्यटन मेला-2023 का शुभारंभ किया गया। सरायकेला स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित उक्त राजकीय चैत्र पर्व छऊ महोत्सव सह पर्यटन मेला-2023 का विधिवत उद्घाटन राज्य के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग तथा परिवहन विभाग झारखंड सरकार के मंत्री चंपाई सोरेन ने दीप प्रज्वलित कर किया।

Advertisements

मौके पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कला एवं संस्कृति हमारी पहचान है। और धरोहर है। इसे मूल रूप में संजोकर रखना और संरक्षित रखना हम सभी का दायित्व एवं जिम्मेदारी है। इस अवसर पर स्वागत संबोधन करते हुए उपायुक्त अरवा राजकमल ने इसे सरायकेला की अनमोल सांस्कृतिक विरासत बताया। इससे पूर्व मंच पूजन कर महोत्सव का शुभारंभ किया गया। जहां राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र के कलाकारों द्वारा यात्रा घट मंगलाचरण के साथ संगीत में आराधना की गई।

इसके पश्चात सरायकेला, मानभूम एवं खरसावां शैली में ग्रामीण छऊ नृत्य प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दलों द्वारा छऊ नृत्य की प्रस्तुति की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत हुड़का नृत्य दल टिटलागढ़ द्वारा प्रस्तुति की गई। रूपम शर्मा एवं उनके दल तथा हरेंद्र शर्मा एवं उनके दल द्वारा असम के बिहू नृत्य की प्रस्तुति की गई। एकलव्य नृत्य दल के द्वारा ओड़िसी एवं कथक नृत्य की प्रस्तुति की गई। सुनील महतो के दल के द्वारा नागपुरी की प्रस्तुति की गई। छुट्टी मधुश्री हेताल के दल के द्वारा झूमर नृत्य एवं गीत की प्रस्तुति की गई। गुलाप सिंह मुंडा के दल के द्वारा पाईका की प्रस्तुति की गई। और लखन गुड़िया के दल के द्वारा संथाली एवं मुंडारी की प्रस्तुति की गई।

स्थानीय सरायकेला छऊ नृत्य की प्रस्तुति के साथ प्रथम दिन के कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में उपायुक्त के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक आनंद प्रकाश, उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार गागराई, अपर उपायुक्त सुबोध कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, विधायक सविता महतो, विधायक प्रतिनिधि सनद आचार्य उर्फ टुलु, 20 सूत्री अध्यक्ष सह झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ शुभेंदु महतो, आईटीडीए निदेशक संदीप कुमार दोराईबुरु, सरायकेला अनुमंडलाधिकारी राम कृष्ण कुमार सहित अन्य पदाधिकारी, अधिकारी एवं कर्मी तथा दर्जनों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

Advertisements

You missed