
सरायकेला : GGSPI में गुरु सम्मान के साथ तकनीकी शिक्षा का संकल्प…
रिर्पोटर : जगबंधु महतो
शिक्षक दिवस समारोह में 1500 से अधिक विद्यार्थी जुटे, ज्योति सिंह मथारू ने संस्थान की पहल को बताया समाज निर्माण की दिशा में अहम कदम
आदित्यपुर : शिक्षक दिवस के अवसर पर GGSPI कंप्यूटर ट्रेनिंग सेंटर में शनिवार को भव्य समारोह आयोजित किया गया। संस्थान की विभिन्न शाखाओं से पहुंचे 1500 से अधिक विद्यार्थियों ने समारोह में हिस्सा लेकर शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता जताई। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सनी भांगड़ा ग्रुप की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू ने संस्थान के निदेशक सरदार गुरप्रीत सिंह सेहरा के आमंत्रण पर समारोह में शिरकत की। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बदलते तकनीकी दौर में पारंपरिक शिक्षा के साथ कंप्यूटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का ज्ञान युवाओं के लिए बेहद जरूरी हो गया है।
उन्होंने कहा कि जमशेदपुर, सरायकेला और आदित्यपुर में करीब सात केंद्रों के माध्यम से तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने वाला GGSPI भविष्य में झारखंड का प्रतिष्ठित संस्थान बन सकता है।
समारोह में संस्थान की सामाजिक पहल की भी घोषणा की गई। इसके तहत हर माह आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद पांच बच्चों को निशुल्क आधुनिक कंप्यूटर एवं AI शिक्षा प्रदान की जाएगी। मुख्य अतिथि ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के अवसरों से वंचित बच्चों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना समाज निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
समारोह में विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत समेत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रियम मैम, अंकिता मैम, मंजीत सर, सुखपाल मैम समेत फैकल्टी और स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में अतिथियों और विद्यार्थियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई तथा संस्थान प्रबंधन ने सभी के प्रति आभार जताया।
