
भीषण गर्मी में ट्रैफिक जवानों का सहारा बनी सरायकेला पुलिस, एसपी निधि द्विवेदी की पहल पर राहत सामग्री वितरित

रिपोर्ट : जगबंधु महतो
सरायकेला : देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच सरायकेला पुलिस ने ड्यूटी पर तैनात जवानों की सेहत और सुरक्षा को लेकर सराहनीय पहल की है। जिले की पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर यातायात थाना प्रभारी राजू कुमार के नेतृत्व में जिले के 16 ट्रैफिक पोस्टों पर तैनात पुलिसकर्मियों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान तेज धूप और लू से बचाव के लिए जवानों को छतरियां, पानी को ठंडा रखने हेतु स्टील की बोतलें तथा डिहाइड्रेशन से बचने के लिए ओआरएस के पैकेट उपलब्ध कराए गए। पुलिस विभाग की इस मानवीय पहल की आम लोगों के बीच भी सराहना हो रही है। यातायात थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि लगातार धूप और सड़क पर ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को गर्मी के कारण कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए एसपी के निर्देश पर यह विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि जवान स्वस्थ रहकर बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।
उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों के लिए कूलर जैकेट भी ट्रायल के तौर पर मंगवाए जा रहे हैं। यदि इसका परीक्षण सफल रहता है तो भविष्य में जिले के सभी यातायात पुलिसकर्मियों को यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
पुलिस विभाग की इस पहल को पुलिस कल्याण और मानव संसाधन प्रबंधन की दिशा में एक सकारात्मक और संवेदनशील कदम माना जा रहा है।
Related posts:

