Spread the love

डायन प्रताड़ना की पीड़िता पहुंची पद्मश्री छुटनी महतो की शरण में; कहा होगा न्याय . . .

  • सरायकेला  संजय

हाईटेक होने के इस जमाने में आज भी समाज में डायन कुप्रथा का बोलबाला देखा जा रहा है। इसी क्रम में जिले के गम्हरिया थाना अंतर्गत धातकीडीह गांव में डायन प्रताड़ना एक नया मामला सामने आया है। जिसमें डायन प्रताड़ना की पीड़िता धातकीडीह गांव निवासी लक्ष्मी मंडल ने परिवार परामर्श केंद्र बीरबांस शाखा कार्यालय पहुंचकर पद्मश्री छुटनी महतो की शरण ली है। इस संबंध में पीड़िता लक्ष्मी मंडल ने परिवार परामर्श केंद्र बीरबांस शाखा कार्यालय आवेदन देते हुए अपनी आपबीती बताई है।

जिसमें लक्ष्मी मंडल ने बताया है कि बीते 8 जून की सुबह तकरीबन 7:30 बजे गांव के ही 5 लोग उसके घर आकर गाली गलौज करते हुए डायन बोलकर उसके परिवार को बर्बाद कर देने की धमकी दी। साथ ही लक्ष्मी मंडल को मारने लगे। इसी बीच बीच-बचाव करने पहुंचा लक्ष्मी मंडल के छोटे बेटे का काफी देर तक उन्होंने गला दबाकर डंडे से मारपीट की। जिसमें दोनों ही मां बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर मचाने पर गांव के कुछ लोगों के आ जाने से वे लोग दोनों को छोड़कर भाग गए।

इस संबंध में पीड़िता लक्ष्मी मंडल ने गम्हरिया थाने में मामला भी दर्ज कराया। परंतु कोई कार्रवाई नहीं होने पर लक्ष्मी मंडल परिवार परामर्श केंद्र पद्मश्री छुटनी महतो की शरण में पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। छुटनी महतो ने उक्त जानकारी देते हुए कहा है कि आज के समय में भी डायन प्रताड़ना जैसा मामला समाज को कलंकित करने वाला है। इसके लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा। और लक्ष्मी मंडल को न्याय दिलाने के साथ-साथ ससम्मान पुनर्वास की व्यवस्था उनकी प्राथमिकता होगी।

Advertisements

You missed