
सरला बिरला विश्वविद्यालय, रांची में कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन

Arjun Kumar Pramanik……✍️
रांची। स्थित सरला बिरला विश्वविद्यालय में हाइक एजुकेशन कंपनी द्वारा एक ऑन-कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन किया गया। वर्ष 2026 के पासिंग-आउट बैच के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस ड्राइव में एमबीए, एम.कॉम, बीबीए, एसबीपीएम, बी.कॉम, बीसीए, एमसीए और बीटेक संकायों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को कंपनी के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने और विभिन्न रोजगार अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला। प्लेसमेंट प्रक्रिया के अंतर्गत समूह चर्चा और साक्षात्कार के पश्चात 21 छात्र अंतिम चरण (इंटरव्यू) तक पहुंचे, जिनमें से 8 छात्रों का चयन किया गया। कंपनी द्वारा चयनित विद्यार्थियों को आकर्षक वार्षिक पैकेज प्रदान किए गए बीबीए, बी.कॉम और बीसीए के छात्रों को ₹6.66 लाख प्रति वर्ष, बीटेक (सीएसई) के छात्रों को ₹7.02 लाख प्रति वर्ष, तथा एमबीए के विद्यार्थियों को ₹7.62 लाख प्रति वर्ष का पैकेज प्रस्तावित किया गया । विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट विभाग के डीन श्री हरिबाबू शुक्ला ने हाइक एजुकेशन की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम छात्रों के करियर निर्माण में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने चयनित छात्रों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

