
प्रमाण पत्र जांच के नाम पर विभाग परेशान ना करें, नहीं तो
होगा आंदोलन: ब्रजेंद्र सिंहदेव…..
सरायकेला: झारखंड एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष ब्रजेन्द्र सिंहदेव ने कहा है कि पारा शिक्षकों को प्रमाण पत्र जांच के नाम पर विभाग परेशान ना करें। अन्यथा पारा शिक्षक आंदोलन की राह पर चलेंगे। श्री सिंहदेव ने कहा कि प्रमाण पत्र जांच के नाम पर विभाग द्वारा पारा शिक्षको से किसी प्रकार की चंदा उगाही की गयी।

तो जिले के सभी पारा शिक्षक जिला मुख्यालय में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे। क्योंकि इसके पूर्व जिले के लगभग सभी पारा शिक्षक अपने शैक्षणिक व प्रशैक्षणिक प्रमाण पत्र की जांच के लिए दो-दो बार डीडी बनाकर प्रखंड संसाधन केन्द्र में जमा कर चुके है। और अब जिले के पारा शिक्षको से प्रमाण पत्र जांच के नाम पर तीसरी बार डीडी मांगे जाने से पारा शिक्षक शिक्षिकाओं में व्यापक आक्रोश है। उन्होंने कहा कि पारा शिक्षकों द्वारा विभागीय निर्देशानुसार दो-दो बार डीडी जमा करने के बावजूद पारा शिक्षको का प्रमाण पत्र जांच अधूरा है। इसकी जिम्मेदारी किसकी है।
उपाध्यक्ष सिंहदेव ने शिक्षा मंत्री से आग्रह करते हुए कहा है कि प्रमाण पत्र जांच करने के नाम पर पारा शिक्षको पर बार बार राशि जमा करने का दबाव नही दिया जाए। बल्कि पूर्व में जमा किए गए डीडी के आधार पर सभी पारा शिक्षको के प्रमाण पत्रो की जांच पूरी कर रिपोर्ट दिया जाए। ताकि पारा शिक्षक बगैर तनाव के साथ कार्य कर सके। उन्होंने बताया कि पारा शिक्षक हमेशा प्रमाण पत्र की जांच के लिए जिला एवं प्रखंड के पदाधिकारियों का सहयोग करते आ रहे हैं। इसके बावजूद प्रमाण पत्र की जांच प्रकिया पूर्ण नहीं होना दुखद है।

