
चांडिल में दिनदहाड़े अपहरण की सनसनीखेज वारदात
दो युवकों को अगवा कर की गई बर्बर पिटाई, टीएमएच में भर्ती

चांडिल । चांडिल अनुमंडल न्यायालय परिसर के समीप मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अज्ञात हमलावरों ने दो युवकों का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) से सकुशल बरामद किया।
अपहृतों की पहचान जमशेदपुर के गोलमुरी मुस्लिम बस्ती निवासी 23 वर्षीय मोहम्मद सैयद आरिफ और कपाली थाना क्षेत्र के डांगोडीह निवासी 32 वर्षीय मोहम्मद सबान के रूप में हुई है। फिलहाल दोनों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और इलाज टीएमएच में जारी है।
भूमि विवाद बना अपहरण का कारण
पुलिस के अनुसार, यह मामला कपाली क्षेत्र की विवादित जमीन से जुड़ा है, जो न्यायालय में विचाराधीन है। मंगलवार करीब 3 बजे एक काली स्कॉर्पियो (बिहार निबंधन) में सवार दोनों युवक अनुमंडल परिसर पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर में लगभग 25–30 लोग चार से पांच वाहनों में वहां पहुंचे और दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई।
स्थिति बिगड़ने पर आरिफ और सबान मौके से निकलने लगे, लेकिन डैम रोड के पास अन्य वाहनों से आए लोगों ने उन्हें घेर लिया, जबरन गाड़ी से उतारा और अपहरण कर ले गए। हमलावरों ने उनकी स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ भी की।
मारपीट के बाद अस्पताल में भर्ती
चांडिल थाना प्रभारी दिलशन बिरुवा ने बताया कि जांच के दौरान यह जानकारी मिली कि दोनों युवक टीएमएच में भर्ती हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अपहरणकर्ताओं ने ही युवकों के साथ मारपीट कर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने इस मामले में अपहरण, मारपीट और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अपहरणकर्ताओं की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
न्यायालय परिसर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में दिनदहाड़े हुए अपहरण की इस घटना ने चांडिल की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर जबरदस्त आक्रोश है और वे जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

