Advertisements
Spread the love

सुहाग के दीर्घायु होने की कामना के साथ रीति रिवाज से सरायकेला में मना करवा चौथ व्रत…

सरायकेला:संजय मिश्रा

Advertisements

सरायकेला। सरायकेला सहित आसपास के क्षेत्र में बुधवार को विभिन्न समाजों के लोगों के द्वारा विभिन्न रीति रिवाज के साथ करवा चौथ व्रत का पालन किया गया। सरायकेला में मारवाड़ी समाज की महिलाओं के द्वारा हाथों में मेहंदी लगाकर और पूजा की थाल सजाकर निर्जला उपवास व्रत रखा गया।

रात्रि लगभग 9:30 बजे चंद्रमा के दर्शन करते हुए उनकी पूजा अर्चना कर अर्घ्य दिया गया। इसके बाद अपने पति को देखकर भोजन ग्रहण कर निर्जला उपवास व्रत खोला गया। सरायकेला के गैरेज चौक निवासी श्रीमती कुसुम चौधरी, श्रीमती रुचि चौधरी एवं श्रीमती नेहा चौधरी द्वारा करवा चौथ का व्रत पूर्ण करते हुए बताया गया कि मान्यताओं के अनुसार सुहागिन महिलाएं पति की दीर्घायु के लिए करवा चौथ का व्रत रखती है।

इस दिन सुहागिनें भगवान शिव, माता पार्वती और कार्तिकेय के साथ भगवान गणेश की विधि विधान के साथ पूजा करती है। चंद्रमा के दर्शन कर उन्हें अर्घ्य देने के बाद ही व्रत तोड़ा जाता है। पति की लंबी उम्र और परिवार के सुख समृद्धि की कामना को लेकर करवा चौथ त्यौहार मनाया जाता है।

बताया गया कि इस दिन सरायकेला शहरी क्षेत्र में ऊंची ऊंची इमारत के कारण चंद्रमा के दर्शन के लिए फोन विशेष रूप से उपयोगी साबित हुआ। जहां व्रति महिलाएं एक दूसरे को फोन कर चंद्रमा के निकलने की जानकारी लेती रही। और चंद्रमा के निकलने की जानकारी मिलने के साथ ही छत या आंगन में चंद्रमा के दर्शन कर पूजा अर्चना किये।